बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले पोस्टमैन पिता की शादी से 10 दिन पहले संदिग्ध मृत्यु, गधेरे में मिला शव

Share

नैनीताल, 12 अप्रैल । नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर एक गधेरे में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान कोटाबाग उप डाकघर में कार्यरत पोस्टमैन नवीन चंद्र गुणवंत के रूप में हुई। उनकी बेटी की शादी मात्र 10 दिन बाद थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नवीन चंद्र अपनी बड़ी बेटी भावना की 21 अप्रैल को निर्धारित विवाह के निमंत्रण पत्र बांटने सुयालबाड़ी के लिये निकले थे, जिसके बाद वह लापता हो गए। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि भुजियाघाट पुल के नीचे गधेरे में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकाला, जहां पास से एक बैग मिला, जिसमें आधार कार्ड एवं विवाह निमंत्रण पत्र थे, जिससे उनकी पहचान हुई।

परिजनों के अनुसार नवीन चंद्र ने बीती रात लगभग साढ़े नौ बजे अंतिम बार फोन कर बताया था कि वह भवाली में हैं और वहीं रात्रि विश्राम कर रहे हैं, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। जबकि उनका शव भवाली से लगभग 30 किलोमीटर दूर मिला। घटनास्थल पर परिस्थितियां संदिग्ध पाई गईं, मृतक का मोबाइल भी बरामद नहीं हुआ है तथा पैर मुड़े हुए थे और इस तरह शरीर की स्थिति को लेकर भी प्रश्न उठ रहे हैं।

बहरहाल, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस के अनुसार मृत्यु के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं कॉल डिटेल के आधार पर की जाएगी। घटना के बाद जहां घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, वहीं छोटी बेटी गुंजन सहित पूरा परिवार गहरे सदमे में है। घटनास्थल भुजियाघाट पुल के दूसरी ओर होने के कारण काठगोदाम पुलिस मामले की जांच कर रही है।