फलका थाना उपद्रव मामले में 5 गिरफ्तार, पुलिस से हथियार छीनने का आरोप
कटिहार, 05 अप्रैल । जिले के फलका थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई घटना में शामिल 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी हथियार छीनने की कोशिश की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिवाकर कुमार यादव, मोनू यादव, प्रभात कुमार, रौशन कुमार और अभिमन्यु कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फलका थाना क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में दिवाकर कुमार यादव मुख्य आरोपी है, जिसने पुलिस हथियार छीनने की कोशिश की। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।