जयपुर, 01 अप्रैल । जयपुर मंडल ने हिरनोदा रेलवे स्टेशन पर एक नए पीएम गति-शक्ति कार्गो टर्मिनल की सफलतापूर्वक स्थापना कर इसे परिचालन में ला दिया है। इस टर्मिनल का संचालन मेसर्स हस्ती पेट्रो केमिकल एंड शिपिंग लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। 31 मार्च को इस टर्मिनल से पहली रेक का सफल लोडिंग कार्य भी संपन्न किया गया,जो इस परियोजना की कार्यकुशलता और तत्परता को दर्शाता है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक,जयपुर पूजा मित्तल के अनुसार पीएम गति-शक्ति कार्गो टर्मिनल भारतीय रेलवे की एक महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है,जिसे प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य देश में लॉजिस्टिक्स दक्षता को बढ़ाना, रेल मार्ग के माध्यम से माल परिवहन को प्रोत्साहित करना तथा निजी क्षेत्र की भागीदारी को आकर्षित करना है। यह पहल मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने और उद्योगों को तेज,सुरक्षित एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
हिरनोदा स्थित यह नया कार्गो टर्मिनल जयपुर-फुलेरा सेक्शन पर स्थित है और इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। टर्मिनल चौबीसों घंटे कार्य करने के लिए सक्षम है, जिससे निरंतर लोडिंग और अनलोडिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। यहां क्रू के लिए विश्राम के लिए दो सुसज्जित कमरे उपलब्ध कराए गए हैं,जिससे रेल कर्मचारियों की कार्य दक्षता में वृद्धि होगी। इसके अतिरिक्त,कैंटीन सुविधा भी 24 घंटे उपलब्ध है,जो कार्यरत स्टाफ के लिए सुविधाजनक है।