काठमांडू, 04 अप्रैल । पुर्तगाल की सरकार ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में कौंसुलर कार्यालय खोलने की घोषणा की है।
पुर्तगाल के विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—फेसबुक और एक्स—के माध्यम से यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस कदम से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे, साझा हितों को बढ़ावा मिलेगा और सहयोग में विस्तार होगा।
नेपाल लंबे समय से पुर्तगाल से काठमांडू में राजनयिक मिशन स्थापित करने का अनुरोध करता रहा है। प्रस्तावित काैंसुलर कार्यालय खुलने के बाद नेपाली नागरिकों को सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।
कार्यालय शुरू होने के बाद वीज़ा प्रक्रिया, दस्तावेज़ प्रमाणीकरण और अन्य आधिकारिक कार्यों के लिए नेपाली नागरिकों को अब भारत में नई दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
नेपाल में पुर्तगाल की कूटनीतिक उपस्थिति से व्यापार, निवेश, पर्यटन, ऊर्जा, कृषि और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ने की भी उम्मीद है।
इससे पहले नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बुधवार को पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रांगेल के साथ टेलीफोन पर बातचीत की थी। बातचीत के दौरान खनाल ने पुर्तगाली समकक्ष को पुर्तगाल में रह रहे 2,000 से अधिक नेपाली नागरिकों को झेलनी पड़ रही कानूनी और प्रक्रियागत समस्याओं के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि ये समस्याएं मूल पुलिस रिपोर्टों पर जाली आधिकारिक मुहर के मामलों के कारण उत्पन्न हुई हैं, जिससे दस्तावेज़ प्रक्रिया जटिल हो गई है।
इस पर रांगेल ने पुर्तगाल की अर्थव्यवस्था में नेपाली समुदाय के योगदान की सराहना की और आश्वासन दिया कि वे संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर इन मामलों की मानवीय दृष्टिकोण से समीक्षा के लिए सकारात्मक कदम उठाएंगे।