सीहोरः राष्ट्रीय ध्वज का अपमान, तिरंगे को जमीन पर बिछाकर कुचलने का आरोप, तीन गिरफ्तार

Share

सीहोर, 11 अप्रैल । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में दोराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिराड़ी में राष्ट्रध्वज के अपमान का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने तिरंगे को बीच सड़क पर बिछाया, उसके चारों कोनों पर भारी पत्थर रखे और फिर पैरों से कुचला। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।

घटना शुक्रवार की है। ग्राम निवासी राहुल दांगी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने जानबूझकर देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से यह कृत्य किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तिरंगे के चारों कोनों पर पत्थर रखे गए थे। आरोपी झंडे को पैरों से कुचल रहे थे। इस घटना को देखकर ग्रामीणों में रोष फैल गया और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दोराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तिरंगे को सम्मानपूर्वक हटाया।

दोराहा थाना प्रभारी राजेश सिन्हा ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीन आरोपियों -सलीम खान पुत्र रसीद खान, जलील खान उर्फ गुड्डू पुत्र रसीद खान, समीर खान पुत्र सलीम खान को हिरासत में लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971’ की धारा 2 एवं 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कृत्य के पीछे कोई गहरी साजिश है या किसी बाहरी संगठन का हाथ है।