रायपुर, 01 अप्रैल । खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में आज बुधवार काे रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में पुरुषों की हॉकी में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच तीसरे और चौथे स्थान के लिए मैच खेला गया। इसमें छत्तीसगढ़ ने मध्यप्रदेश को 14-6 से हरा कर कांस्य पदक जीता।
मैच की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ की टीम आक्रामक नजर आई और लगातार गोल दागते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। मध्यप्रदेश की टीम ने भी मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के बेहतरीन समन्वय और तेज खेल के आगे टिक नहीं पाई।
शानदार जीत के साथ छत्तीसगढ़ की टीम ने कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों का दिल जीत लिया और स्टेडियम में मौजूद खेल प्रेमियों ने जोरदार तालियों के साथ टीम का उत्साहवर्धन किया।
इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है और राज्य के खिलाड़ियों के बढ़ते खेल कौशल को भी प्रदर्शित किया है।