साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर अपनी आगामी फिल्म ‘ड्रैगन’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। प्रशांत नील के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। हाल ही में अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर यह साफ कर दिया है कि वह अपने किरदार के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं और किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ना चाहते।
जूनियर एनटीआर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर जिम से एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनका शर्टलेस बैक लुक नजर आ रहा है। इस तस्वीर में वह अपने बाइसेप्स और फिटनेस को फ्लॉन्ट करते दिख रहे हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, “बनाया है, खरीदा नहीं है।” उनकी इस पोस्ट को देखकर फैंस उनकी फिटनेस और डेडिकेशन की जमकर तारीफ कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक, फिल्म में एनटीआर के कई अलग-अलग लुक देखने को मिलेंगे, जिसके लिए वह खुद को पूरी तरह से ट्रांसफॉर्म कर रहे हैं।
फिल्म का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स द्वारा किया जा रहा है और इसकी स्टार कास्ट को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। पहले खबर थी कि अनिल कपूर इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होंगे। वहीं अब ताजा रिपोर्ट्स में शाहिद कपूर के फिल्म में विलेन के रूप में शामिल होने की चर्चा है। हालांकि, इसको लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ‘ड्रैगन’ को एक बड़े पैमाने की एक्शन फिल्म माना जा रहा है, जिससे दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।
————-