पश्चिमी सिंहभूम, 04 अप्रैल । जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमपुर गांव में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। शनिवार को जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि यह हत्या किसी साजिश का नहीं बल्कि आपसी विवाद का परिणाम थी।
घटना 02 अप्रैल 2026 की है, जब पदमपुर टोला कटियाबासा निवासी दामु सिंकु (56) पर लोहे के हथौड़े से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल दामु सिंकु को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी अनिता सिंकु के बयान पर टोन्टो थाना में मामला दर्ज किया गया, जिसमें परगना सिंकु, कुशनु सिंकु, डोबरो सिंकु और पेलोंग सिंकु को आरोपित बनाया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ राफेल मुर्मू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 03 अप्रैल को परगना सिंकु और कुशनु सिंकु को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने आपसी विवाद के चलते दामु सिंकु पर हथौड़े से हमला करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का हथौड़ा भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में छापेमारी दल के सदस्य सुकुमार हेम्ब्रम, धनंजय प्रसाद गुप्ता, मृणाल कुमार, छोटु टुडू और याकुब कुल्लु की सक्रिय भूमिका रही।