अनुकंपा से संबंधित मामलों का जल्द निष्पादन कराएं अधिकारी : उपायुक्त

Share

खूंटी, 11 अप्रैल । खूंटी समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त आर रॉनिटा की अध्यक्षता में शनिवार को जिला अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। शिक्षा, पशुपालन, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 11 मामलों की समीक्षा कर समिति द्वारा आवश्यक निर्णय लिए गए।

उपायुक्त ने सभी मामलों में प्रस्तुत दस्तावेजों की गहन जांच करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और तत्परता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा कराए जाएं, ताकि अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े निर्णय समयबद्ध तरीके से लिए जा सकें।

बैठक में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, अपर समाहर्ता परमेश्वर मुंडा, जिला स्थापना उप समाहर्ता-सह-पंचायतीराज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह, जिला कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

———–