जयपुर रेंज की 21वीं अंतर जिला पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज

Share

जयपुर, 07 अप्रैल । राजस्थान पुलिस की कार्यकुशलता और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जयपुर रेंज की 21वीं अंतर जिला (रेंज स्तरीय) पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2025 का भव्य शुभारंभ मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन, जयपुर ग्रामीण में किया गया। इस तीन दिवसीय आयोजन की मेजबानी जिला जयपुर ग्रामीण द्वारा की जा रही है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था संजय कुमार अग्रवाल ने खेलकूद प्रतियोगिता के आगाज की औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश, जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद सहित रेंज के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और अन्य अधिकारियों ने पुलिस लाइन प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

प्रतियोगिता के पहले दिन जयपुर रेंज के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने भव्य मार्च पास्ट किया और मुख्य अतिथि का अभिवादन करते हुए पूरी खेल भावना के साथ खेलने की शपथ ली। इस प्रतियोगिता में रेंज के विभिन्न जिलों से कुल 329 पुलिसकर्मी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनमें 263 पुरुष और 66 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

रेंज स्तरीय इस आयोजन में वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, हैंडबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स और ताइक्वांडो सहित कुल 9 खेलों को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों की सुविधा और खेल के मानकों को देखते हुए प्रतियोगिता के सभी मैचों का आयोजन जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में किया जाएगा।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय कुमार अग्रवाल ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि इनसे आपसी समन्वय और बॉन्डिंग भी मजबूत होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पूरी तरह टीम वर्क पर आधारित है और खेल इस टीम भावना को विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।

इससे पूर्व रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने स्वागत उद्बोधन देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की व्यस्त ड्यूटी से समय निकालकर खेलों से जुड़ना सराहनीय है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस कार्यक्रम के अंत में जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान महानिरीक्षक राहुल प्रकाश द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन 09 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन, जयपुर ग्रामीण में होगा। समापन समारोह में राजस्थान के महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।