बरेली, 11 अप्रैल । परिवहन विभाग ने शहर में अवैध रूप से चल रहे ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्रों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में बिल्वा रोड पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक टैक्सी वाहन को नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि वाहन की फिटनेस 14 सितम्बर 2023 से समाप्त हो चुकी थी, इसके बावजूद वह सड़कों पर संचालित हो रहा था। साथ ही वाहन का बीमा भी वैध नहीं पाया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों को और भी गंभीर अनियमितताएं मिलीं। वाहन में अवैध रूप से डबल कंट्रोल सिस्टम लगाया गया था और उस पर “राज मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल” का बोर्ड लगाकर एक व्यक्ति को ड्राइविंग सिखाई जा रही थी। मौके पर मौजूद व्यक्ति से वैध अनुमति या लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। परिवहन विभाग ने इसे मोटर यान अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए वाहन को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। साथ ही विभिन्न धाराओं में कुल ₹24,500 का चालान भी किया गया।
यात्री कर अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति ने बताया कि बिना अनुमति ड्राइविंग प्रशिक्षण देना और वाहनों में अनधिकृत बदलाव करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है और आगे भी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि केवल अधिकृत एवं मान्यता प्राप्त संस्थानों से ही ड्राइविंग प्रशिक्षण लें और अपने वाहन के सभी दस्तावेज अद्यतन रखें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।