शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज में अब बालिकाओं को भी मिलेगा प्रवेश

Share

नैनीताल, 04 अप्रैल । जनपद मुख्यालय नैनीताल के तल्लीताल स्थित शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज जहां अब तक केवल बालक ही प्रवेश पाते थे, में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बालकों के साथ-साथ बालिकाओं के प्रवेश भी प्रारंभ कर दिए गए हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य आरएस अधिकारी ने बताया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी भीमताल की अनुमति के उपरांत यहां बालिकाओं के लिये प्रवेश प्रारंभ किये जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड बोर्ड से मान्यता प्राप्त यह विद्यालय मूलभूत सुविधाओं एवं खेल मैदानों से सुसज्जित है तथा कक्षा 6 से 12 तक विषयवार अनुभवी शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यरत हैं। कक्षा 6 से 8 तक विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा, गणवेश, पाठ्य सामग्री एवं मध्याह्न भोजन की सुविधा प्रदान की जाती है। इंटरमीडिएट स्तर पर कला एवं विज्ञान संकाय के साथ एनसीसी भी संचालित है।

विद्यालय प्रशासन ने मनोरा, रूसी, कृष्णापुर, दुर्गापुर, कैंट, आलूखेत, हरिनगर एवं तल्लीताल क्षेत्र के छात्र-छात्राओं से प्रवेश लेने का आह्वान किया है। उल्लेखनीय है कि कभी सैकड़ों की छात्र संख्या की स्थिति में सबको प्रवेश न दे पाने वाले इस विद्यालय में वर्तमान में केवल 70 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

माना जा रहा है कि इसी कारण विद्यालय में बालिकाओं को भी प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि इस विद्यालय से कुछ मीटर दूर ही नगर का अटल आदर्श राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भी है।

गौरतलब है कि यह विद्यालय नैनीताल के आधार बलियानाला क्षेत्र में हुए भूस्खलन की जद में आने के साथ ही वर्तमान में वहां चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों के कारण वर्तमान में अपने कुछ ही कक्षों में संचालित हो रहा है, जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास ही में इसका नया परिसर भी निर्माणाधीन है।