चंडीगढ़, 09 अप्रैल । हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन तथा हरियाणा सरकार के बीच हुई बैठक बेनतीजा रही। जिसके चलते प्रदेश में फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी।
कर्मचारियों की मांगों को लेकर गुरुवार को चंडीगढ़ में स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में विभाग की प्रधान सचिव सुमिता मिश्रा, महानिदेशक सतवीर नैन, रोमी सिंगला सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद दमकल कर्मचारी रणवीर सिंह व भविष्यचंद शर्मा को शहीद का दर्जा देने, उनके आश्रितों को एक करोड़ आर्थिक सहायता एवं सरकारी नौकरी प्रदान करने, 5000 मासिक जोखिम भत्ता लागू करने,पे-रोल व कौशल निगम के दमकल कर्मचारियों को विभाग के सर्जित पदों पर समायोजित कर समान काम समान वेतन देने, नियमित कर्मचारियों को ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में गृह जिला देने तथा ड्यूटी के दौरान घायल कर्मचारियों को गंभीर स्थिति में विशेष अवकाश प्रदान करने जैसी महत्वपूर्ण मांगों पर चर्चा हुई।। मंत्री द्वारा सभी मांगों पर वित्त विभाग से मंजूरी के बाद समाधान का आश्वासन दिया गया। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजिन्दर सिन्द एवं महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि 3 व 6 अप्रैल को फायर महानिदेशक के साथ हुई बैठकों तथा आज मंत्री स्तर की बैठक में भी कर्मचारियों की समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं निकला। जिसके चलते हड़ताल को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 11 अप्रैल तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो रोहतक के कर्मचारी भवन में पालिकाओं, परिषदों व निगमों के कर्मचारी भी आन्दोलन की रण नीति बनाएगा। बैठक में यूनियन के वरिष्ठ उपप्रधान राजीव खत्री, कैशियर सुखदेव सिंह, सचिव साहून खान, मनजीत, सुनील कुंडू, गुरमेल, आनंद, ऑडिटर रमेश पहल एवं कार्यकारिणी सदस्य अमरदीप, रघुवीर सिंह, बलवंत सिंह, अशोक और मेघश्याम कौशिक सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।