विद्या भारती की संस्कार युक्त शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की असली नींव : डॉ. केपी श्रीवास्तव

Share

प्रयागराज/कौशाम्बी, 05 अप्रैल । विद्या भारती की संस्कार युक्त शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की असली नींव है। विद्यार्थी लगन और मेहनत के बदौलत ही अपनी असाधारण शैक्षिक क्षमता का परिचय देकर देश-प्रदेश में सरस्वती विद्या मंदिर का नाम रोशन कर रहे हैं। यह बातें मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य डॉ. के पी श्रीवास्तव ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कही।

श्री मथुरा प्रसाद सरस्वती शिशु मंदिर, गौसपुर नवांवा, कौशाम्बी में वार्षिक परीक्षा फल वितरण एवं प्रतिभा अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को वर्ष भर की शैक्षिक उपलब्धि के साथ खेल कूद, निबंध लेखन, सर्वाधिक उपस्थिति, साफ व स्वच्छ ड्रेस, मेंहदी प्रतियोगिता एवं अन्य गतिविधियों के ट्रॉफी, मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किये गये।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि कवि डॉ. राहुल अवस्थी ने कहा कि संस्कार युक्त शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत है और शिशु मंदिर के विद्यार्थी भारत मां की सेवा अपने शिक्षा व संस्कारों के माध्यम से निरंतर कर रहे हैं। इसके लिए मैं विद्यालय परिवार व बच्चों को बधाई देता हूं।

हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. हिमांशु शेखर सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में उच्च स्तर की शिक्षा व अनुशासन प्रदान करना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज में भाषा और साहित्य व्यक्तित्व का दर्पण होते हैं। मुझे खुशी है कि यहां शिक्षा के साथ-साथ हमारी मातृभाषा और नैतिक मूल्यों को विशेष बल दिया जा रहा है।

विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि हमारा विद्यालय परिवार संकल्पित है कि हम अंतिम पंक्ति के लोगों तक श्रेष्ठ शिक्षा पहुंचाएंगे। सह व्यवस्थापक डॉ. अनूप कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन ही वह समय है जब उनकी प्रतिभा को तरास कर हीरा बनाया जा सकता है और विद्यालय परिवार इस कार्य के लिए कृत संकल्पित है।

इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य व विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने किया। विद्यालय के बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिसमें बच्चों के मोबाइल एडिक्शन पर प्रस्तुत नाटिका को अभिभावकों ने सराहा।

इस दौरान 2025-26 के परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए। जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड, मेडल व प्रमाण पत्र के साथ नवाजा गया। एलकेजी में पारुल प्रजापति, यूकेजी में मानवी चौधरी, कक्षा प्रथम में वैशाली, द्वितीय में मानसी प्रजापति, तृतीय में नितेश मौर्य, चतुर्थ में आयुषी विश्वकर्मा, पंचम में अनुष्का यादव, षष्ठम में अल्का विश्वकर्मा, सप्तम में अंशिका त्रिपाठी, अष्टम में अन्नू रावत को सम्मानित किया गया। इनमें वैशाली शिशु मंदिर की टॉपर एवं अन्नू रावत को विद्या मंदिर के टॉपर का खिताब मिला।

कार्यक्रम का संचालन दिव्या साहू व आयुष साहू ने किया। इस अवसर पर चंद्रकांत पांडेय, त्रियुगीनाथ मिश्र, सूर्य प्रकाश भट्ट, शिव अभिलाष मिश्रा, कोषाध्यक्ष संगम लाल सेन, विजय तिवारी, दिलीप सेन, हर्ष कुमार, रेखा, कोमल, कल्पना, वंदना, अमन त्रिपाठी, अरुण त्रिपाठी, अतुल, जयप्रकाश त्रिपाठी, राजेंद्र, गुरु नारायण चौधरी, रविंदर चौधरी, बनवारी लाल चौरसिया, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।