जशपुर : वीडियो वायरल होते ही बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते पकड़े गए ड्रेसर निलंबित

Share

जशपुर, 13 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला चिकित्सालय में पदस्थ ड्रेसर किशोर कुमार चौहान पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई चिकित्सा प्रतिपूर्ति (मेडिकल रिइम्बर्समेंट) पास करने के एवज में पैसे लेने के आरोप में की गई है, जिसका स्पष्ट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 09 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया में एक वीडियो सामने आया, जिसमें ड्रेसर किशोर कुमार चौहान को मेडिकल प्रतिपूर्ति पास करने के बदले रुपये लेते हुए दिखाया गया। मामला सामने आते ही इसे गंभीर कदाचार मानते हुए तत्काल जांच की गई और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की गई।

आदेश में कहा गया है कि उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विरुद्ध है और इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा गया है। इसी आधार पर सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए चौहान को निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता भी प्रदान की जाएगी।