राजगढ़,1 अप्रैल। खिलचीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर गाड़ गंगा नदी में जल मंदिर के समीप एक अज्ञात महिला का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है तथा उसके शरीर पर केवल ब्लाउज और पेटीकोट पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नगर के एक युवक की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
शव मिलने की खबर पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में नदी किनारे एकत्रित हो गए। महिला कौन है, कहां की रहने वाली है, इसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। खिलचीपुर पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना भेज दी है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।