शिमला में चरस की डिलीवरी देने आए दो तस्कर गिरफ्तार

Share

शिमला, 01 अप्रैल । शिमला के टूटू क्षेत्र में चरस की डिलीवरी देने आए कुल्लू के दो युवकों को जिला शिमला पुलिस ने करीब 1.055 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार 31 मार्च की शाम थाना बालूगंज की पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि कुल्लू जिले के दो युवक एक कार में चरस की डिलीवरी देने के लिए टूटू क्षेत्र में पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की।

जांच के दौरान वाहन में कमलेश कुमार (35 वर्ष) और इन्द्रजीत (28 वर्ष), दोनों निवासी गांव मशाडा, डाकघर नगर, तहसील और जिला कुल्लू मौजूद पाए गए। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से एक कैरी बैग बरामद हुआ, जिसमें अलग-अलग पाउच में कुल 1.055 किलोग्राम चरस बरामद की गई।

बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।

पुलिस के अनुसार मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है, जिससे इस तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क का भी पता लगाया जा सके।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।