नई दिल्ली, 04 अप्रैल । होली के दिन फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने वाले आरोपित को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से दो देसी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपित घटना के बाद से फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुकुंदपुर निवासी शिवम उर्फ शिवा के रूप में हुई है। वह भलस्वा डेयरी थाने में दर्ज फायरिंग के एक मामले में वांछित था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें आरोपित हाथ में दो कट्टे लेकर लोगों को धमकाता नजर आ रहा था।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, चार मार्च को होली के दिन मुकुंदपुर पार्ट-2 में आरोपित ने अरविंद कुमार पांडेय के साथ कहासुनी के बाद फायरिंग कर दी थी। आरोपित शराब के नशे में था और पहले गाली-गलौज करते हुए झगड़ा किया। इसके बाद वह दो देशी कट्टे लेकर लौटा और जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। हालांकि, पीड़ित बाल-बाल बच गया और घर के अंदर जाकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद आरोपित ने इलाके में हंगामा किया और खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। मामले में भलस्वा डेयरी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। लगातार निगरानी के बाद तीन अप्रैल को क्राइम ब्रांच यूईआर-2 के पास छापेमारी कर आरोपित को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो लोडेड देशी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें फायरिंग और हत्या जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।