किशनगंज, 09 अप्रैल ।ठाकुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के खोपरापट्टी में प्रस्तावित अशोक सम्राट भवन निर्माण को लेकर करीब 40 परिवारों के सामने पुनर्वास का संकट खड़ा हो गया है। वर्षों से सरकारी भूमि पर रह रहे ये परिवार अब बेघर होने की आशंका से चिंतित हैं और प्रशासन से वैकल्पिक जमीन उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधियों ने नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल के नेतृत्व में ठाकुरगंज अंचल कार्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार से मुलाकात की। इस दौरान सभी 40 परिवारों की ओर से संयुक्त आवेदन सौंपते हुए खुद को भूमिहीन बताते हुए रहने के लिए वैकल्पिक जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई।
परिवारों का कहना है कि वे कई वर्षों से उक्त स्थान पर रहकर अपना जीवन यापन कर रहे थे। अब अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया और अशोक सम्राट भवन निर्माण की योजना सामने आने के बाद वे अचानक बेघर होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि भवन निर्माण से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।