जोधपुर, 05 अपै्रल । जोधपुर- बाड़मेर रोड पर रविवार की सुबह एक कार पेट्रोल पंप के सामने सूने स्थान पर जलती मिलती। आस पास के लोगों ने वीडियो बनाया, तब पता लगा कि एक व्यक्ति इसमें जिंदा जल रहा है। इस पर बाद में तत्काल पुलिस वहां पहुंची। कार की आग को बुझाया गया और पता लगा कि एक व्यक्ति जिंदा जलकर मरा है। इस पर पुलिस ने बाद में एमओबी, एफएसएल टीम के साथ अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए टीमों को लगाया। दोपहर में मृतक की पहचान पाल रोड स्थित सीताराम नगर निवासी 38 साल के भरत लुणिया पुत्र हिंदूमल लुणिया के रूप में की गई। शव कंकाल में तब्दील हो गया। शव का एमजीएच में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजन को सुपुर्द कर दिया गया। प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का प्रतीत हुआ है, फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
दरअसल पाल रोड के सीताराम नगर निवासी 38 साल का भरत लुणिया मेटल का कारोबार करता है। उसकी बासनी औद्योगिक क्षेत्र एमआईए में मेटल फर्म आई है। रविवार की सुबह दस बजे अपने घर से काम के लिए निकला था। बाद में सवा 11 बजे के आस पास पुलिस को सूचना मिली कि जोधपुर- बाड़मेर रोड पर कार में आग लगी है। इस पर डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत, एसीपी बोरानाडा आनंद सिंह राजपुरोहित, बोरानाडा थानाधिकारी एवं प्रशिक्षु आरपीएस देवेंद्र सिंह आदि वहां पहुुंचे।
चूंकि कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई थी। ऐसे में कार के नंबर तक पता नहीं चल रहे थे। बाद में पुलिस ने एमओबी, एफएसएल टीम को भी बुलाया। साक्ष्य जुटाने के साथ कार के नंबर पता लगाए गए। नंबर से बाद उसका रजिस्टे्रशन पता करवाया गया। रजिस्टे्रशन से कार मेटल फर्म के नाम की निकली। इसमें भरत लुणिया के परिजन के नंबर मिले। इस पर पुलिस ने संपर्क कर उसकी पहचान की।
डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत ने बताया कि आस पास लगे सीसीटीवी फुटेजों को देखा गया। तब पता लगा कि वह कार लेकर आया था और कार को सूनी जगह पर लेकर पहुंचा और हार्डली कुछ मिनट में ही कार को आग लगा दी। ऐसे में मामला प्रथम दृष्टया सुसाइड का प्रतीत हुआ है। इसमें अग्रिम जांच भी जारी है।
कार में मिली भरत लुणिया की है इसके लिए शव से डीएनए सेंपलिंग की गई है। विसरा भी प्रिजर्व किया गया है। परिजन की तरफ से फिलहाल मर्ग में रिपोर्ट दी गई है। शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो गया था। एमजीएच में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजन को सौंप दिया गया।
प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लगने पर पुलिस इसकी जांच में जुटी है, साथ ही अन्य कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने मर्डर होने जैसी बात से इंकार किया है।