सूरजपुर : बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता रैली, ग्रामीणों ने लिया बाल विवाह मुक्त ग्राम का संकल्प

Share

सूरजपुर, 04 अप्रैल । सूरजपुर जिले के दनौलीखुर्द में बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत आयोजित जागरूकता रैली में बच्चों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक सभी ने भाग लेकर बाल विवाह के खिलाफ मजबूत संदेश दिया।

कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में विकासखंड भैयाथान के ग्राम पंचायत दनौलीखुर्द में शनिवार काे बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम यूनिसेफ और अग्रिकोन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

रैली की खास बात बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। छोटे-छोटे बच्चों ने बाल विवाह के विरुद्ध चित्र बनाकर लोगों को जागरूक किया, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रभावशाली बन गया। बच्चों की इस पहल ने ग्रामीणों को गहराई से प्रभावित किया।

कार्यक्रम के दौरान सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिन एवं युवोदय स्वयंसेवकों ने मिलकर बाल विवाह मुक्त ग्राम बनाने की शपथ ली। साथ ही उपस्थित लोगों को बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। बताया गया कि लड़कियों की न्यूनतम विवाह आयु 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है, इससे कम उम्र में विवाह करना दंडनीय अपराध है।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने गांव में भ्रमण कर घर-घर जाकर जागरूकता पोस्टर वितरित किए और नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर यूनिसेफ के जिला समन्वयक हितेश निर्मलकर, ब्लॉक समन्वयक अक्सेन गुर्जर, युवोदय स्वयंसेवक मनीष कुशवाहा, सरपंच सपना सिंह, उपसरपंच सोहन राम राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।