अमृतसर में हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

Share

अमृतसर, 08 अप्रैल । अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सात आधुनिक पिस्तौल बरामद करके सरहद पार से हथियारों की तस्करी के मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर के गांव लधेवाल निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदर (32), जॉबनबीर सिंह उर्फ जॉबन (23), तरन तारन के गांव भूसे निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ लव और एक 16 वर्षीय नाबालिग को गिरफतार किया गया है। इनसे बरामद की गई पिस्तौलों में दो .30 बोर पीएक्स 5 स्टॉर्म, इटली निर्मित दो .30 बोर पिस्तौल, एक .30 बोर चीनी पिस्तौल, ऑस्ट्रिया निर्मित एक .30 बोर और एक 9 एमएम पिस्तौल तथा 12 जिंदा कारतूस हैं। पुलिस टीमों ने मुलजिमों का मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उक्त मुलजिम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि अवैध हथियारों की खेप अटारी सेक्टर में गांव भैणी और नेश्टा क्षेत्र के पास ड्रोन के जरिए भेजी जा रही थी।

डीजीपी ने बताया कि अपने हैंडलरों के निर्देश पर काम करते हुए उक्त मुलजिम निर्धारित जगहों से खेपें प्राप्त करके इन्हें आगे अपने स्थानीय गुर्गों को सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि गुरविंदर उर्फ गिंदर, जॉबनबीर उर्फ जॉबन और लवप्रीत उर्फ लव को छह पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान उनका चौथा साथी मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसके बाद पुलिस टीमों ने अपनी तलाश जारी रखी और तेजी से कार्रवाई करते हुए अगले दिन उक्त नाबालिग आरोपी को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गुरविंदर उर्फ गिंदर और लवप्रीत उर्फ लव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही नाबालिग के खिलाफ अमृतसर देहाती के पुलिस थाना घरिंडा में असला एक्ट के तहत पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें उसके पास से तीन पिस्तौल बरामद की गई थीं।