साढे सात साै किलाेमीटर पीछा कर एएनटीएफ ने पकड़ी 50 लाख  रुपये की डोडा चूरा खेप

Share

जयपुर, 08 अप्रैल । राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने झारखंड से राजस्थान के रास्ते पंजाब ले जाई जा रही मादक पदार्थ की बड़ी खेप को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पकड़ा है। संयुक्त कार्रवाई में छह तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 50 लाख रुपये का डोडा चूरा जब्त किया गया। वहीं तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और एक कार भी कब्जे में ली गई है।

आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई को एएनटीएफ और राजस्थान सीबीएन की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। सीबीएन को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में झारखंड से नशे की खेप भरकर राजस्थान के रास्ते पंजाब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तकनीकी निगरानी करते हुए करीब 750 किलोमीटर तक पीछा किया और सुल्तानपुर तक पहुंची।

टीम ने टोलकर्मी और मैकेनिक बनकर संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी। जैसे ही नशे की खेप से भरा ट्रक एस्कॉर्ट कर रही एसयूवी के साथ फतेहपुर सीकरी टोल पर पहुंचा, पुलिस की नाकाबंदी देखकर दोनों वाहन यमुना एक्सप्रेसवे की ओर मुड़ गए। पहले से सतर्क टीम ने मथुरा में घेराबंदी कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार चालक नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा। इस पर टीम ने फायरिंग कर कार का टायर पंक्चर कर दिया और आरोपियों को दबोच लिया।

जांच में ट्रक से तीन क्विंटल से अधिक डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 65 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब निवासी हरेंद्र सिंह, नवनीत सिंह, गुरु जीवन सिंह, मनजीत सिंह, भवानी सिंह और मणि पारस शर्मा शामिल हैं। इस संबंध में सीबीएन ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं एएनटीएफ की जालौर टीम ने एक अन्य कार्रवाई में सांकड़ चौकी के पास नाकाबंदी कर एक कार से 27 किलो डोडा पोस्त बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी आसुराम निवासी सरनाऊ (जालोर) नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने वाहन का टायर पंक्चर कर पकड़ लिया। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आपूर्ति श्रृंखला की जांच में जुटी है।