चित्तौड़गढ़, 02 अप्रैल । शहर के कोतवाली थाना इलाके में गत एक जून को होटल विकास पर बजरी विवाद में गोली मार कर अजयराज सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में यह 30वीं गिरफ्तारी है। गिरफ्तार आरोपित वारदात के दौरान होटल विकास पर अन्य आरोपितों के साथ पहुंचा था और हमले में शामिल था। गौरतलब है कि चार दिन पूर्व ही पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपित भैरू झूंपडा को प्रोडक्शन वारंट के जरिए भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया था।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर-कोटा फोरलेन पर सेमलपुरा के पास स्थित होटल विकास पर एक जून को अजयराज सिंह पर हुई फायरिंग हुई थी। गोली लगने से इसकी मौत हो गई थी। अजयराजसिंह अपने साथियों के साथ होटल की छत पर खाना खा रहा था। तब मनोज चौधरी ने रेकी कर अजयराज सिंह झाला की लोकेशन देकर ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह निवासी डेट व उसके साथियों को होटल पर बुलाया था। ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह निवासी डेट अपने 15 साथियों के साथ कुल 3 वाहनों में विकास होटल पर पहुंचा। यहां अजयराज सिंह झाला व इसके साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। मौके पर खड़ी अजयराजसिंह की डस्टर व बलेनो गाडी में तोडफोड कर पेट्रोल छिडक कर आग लगा दी थी। पुलिस ने ओमप्रकाश शर्मा की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान वारदात करने वाले मुख्य आरोतर झुपड़ा सहित एवं आरोपितों की फरारी में सहयोग करने वाले कुल 29 आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण में शेष रहे आरोपित गोपाल व अन्य की तलाश के लिए कोतवाली थाने के सीआई तुलसीराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को वारदात लिप्त करने वाले गंगरार थाना इलाके में दौलाजी का खेड़ा उर्फ झूंपडा निवासी गोपाल लाल पुत्र कूकालाल गुर्जर को उसके गांव से डिटेन कर लिया। इसे बाद में कोतवाली थाने लाकर गिरफ्तार किया। पुलिस इसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश करेेगी। पुलिस आरोपित गोपाल लाल गुर्जर से अनुसंधान में जुटी है। गौरतलब है कि अजयराजसिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित भैरुलाल गुर्जर निवासी झूपड़ा को पुलिस ने चार दिन पूर्व गत 30 मार्च को ही गिरफ्तार किया था, जो पुलिस रिमांड पर है।