बाल विकास परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोप, डीएम से जांच की मांग

Share

पश्चिम चम्पारण(बगहा), 13 अप्रैल । पश्चिम चम्पारण जिला के बगहा-02 प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में जिला पदाधिकारी, बेतिया को एक लिखित आवेदन देकर परियोजना पदाधिकारी पर कार्रवाई और उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।

आवेदन में बगहा दो के बरवल निवासी राजमोहन गिरी ने आरोप लगाया है कि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के पदस्थापन के बाद से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में अनियमितता बढ़ी है। सेविकाओं से विभिन्न मदों में अवैध रूप से पैसे की मांग की जाती है और विरोध करने पर धमकी व दुर्व्यवहार किया जाता है। कई मामलों में निरीक्षण के नाम पर राशि वसूली और दबाव बनाने की बात भी सामने आई है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे सरकार और जिला प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। आरोप है कि परियोजना कार्यालय में दलालों की सक्रियता बढ़ गई है और उनके माध्यम से सेविकाओं से पैसे की वसूली की जा रही है।