पन्ना, 11 अप्रैल । मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में बहुप्रतीक्षित सतना-पन्ना रेल परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। नागौद से फुलवारी तक सफल ट्रायल रन के बाद अब फुलवारी से देवेंद्रनगर खंड पर ट्रायल रन की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार 74 किलोमीटर लंबी इस नई रेल लाइन में अब तक लगभग 45 किलोमीटर ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। मार्च माह में फुलवारी से देवेंद्रनगर के बीच करीब 12 किलोमीटर हिस्से में ट्रायल रन किया गया था। वहीं अब इस खंड का शेष कार्य भी पूरा हो चुका है और 25 से 30 अप्रैल के बीच देवेंद्रनगर तक ट्रायल रन किए जाने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि फुलवारी से देवेंद्रनगर के बीच लगभग 7 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण कार्य हाल ही में पूर्ण किया गया है और ट्रायल रन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान पहली बार ट्रेन देवेंद्रनगर तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
इधर, फुलवारी और देवेंद्रनगर के बाद सकरिया तक रेल लाइन बिछाने का कार्य भी तेजी से जारी है। रेलवे का लक्ष्य वर्ष 2026 के भीतर देवेंद्रनगर से सकरिया तक का कार्य पूरा करना है, जिससे क्षेत्र में रेल संपर्क और अधिक मजबूत हो सकेगा।