फर्जी आधार कार्ड बनाने के मामले में खगड़िया से एक आरोपित गिरफ्तार

Share

किशनगंज, 05 अप्रैल ।सीमावर्ती क्षेत्र के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के खुलासे के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में किशनगंज पुलिस ने एसटीएफ, खगड़िया पुलिस और अररिया पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी करते हुए खगड़िया से गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगड़िया जिले के पौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवरिया निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार की शाम खगड़िया शहर स्थित एक मोबाइल दुकान में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा।

बताया जा रहा है कि आरोपी मोबाइल दुकान की आड़ में फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार करने का अवैध कारोबार चला रहा था। रविवार को किशनगंज पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में पूर्व में की गई कार्रवाई के बाद विशेष टीम द्वारा खगड़िया और अररिया जिले में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान खगड़िया स्थित मोबाइल दुकान में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी की दुकान से लैपटॉप, मोबाइल फोन सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। इसके अलावा फोटोशॉप सॉफ्टवेयर से तैयार फर्जी आधार कार्ड, मूल आधार कार्ड, आधार कार्ड की छायाप्रतियां, जाति प्रमाण पत्र, विभिन्न उम्र के लोगों के जन्म प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन योजना से संबंधित आवेदन पत्र, बैंक पासबुक, राशन कार्ड, इंडेन गैस एजेंसी से जुड़े दस्तावेज समेत करीब 500 से अधिक कागजात बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस गिरोह में अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को रविवार को पुलिस टीम किशनगंज लेकर पहुंची, जहां आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।