जोनल अस्पताल मंडी में ऑक्सीजन पाइपलाइन से छेड़छाड़, जांच शुरू

Share

मंडी, 14 मार्च । नेताजी क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में प्राइवेट वार्ड और ऑपरेशन थिएटर तक जाने वाली ऑक्सीजन लाइन की पाइप तोड़ने का मामला सामने आया है। अस्पताल प्रशासन सीसीटीवी फुटेज खांगालने में जुट गया है। मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट से ऑक्सीजन सप्लाई पाइप को किसी अज्ञात शरारती तत्व द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। यह वही पाइपलाइन है जिसके माध्यम से सर्जरी वार्ड और निजी वार्डों में ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाती है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और क्षतिग्रस्त पाइप को ठीक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पहले से मौजूद है। इसलिए उपचार व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ऑक्सीजन प्लांट की सप्लाई पाइप को नुक्सान पहुंचाया गया है। तकनीकी टीम पाइप को ठीक करने में जुट गई है, ताकि किसी भी मरीज को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न कराना पड़े। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडरों की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था की गई है। जिसके चलते उपचाराधीन मरीजों के उपचार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

प्रशासन का कहना है कि जहां एक ओर अधिकांश लोग अस्पतालों में सहयोग करते हैं, वहीं कुछ लोगों की मानसिकता ऐसी भी होती है जो इस तरह की गैरजिम्मेदाराना हरकतों को अंजाम देते हैं। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किसने ऑक्सीजन सप्लाई पाइप को क्षतिग्रस्त किया है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार जिस पाइप को नुक्सान पहुंचाया गया है, वह प्राइवेट वार्ड और ऑपरेशन थिएटर में ऑक्सीजन सप्लाई के लिए उपयोग में लाई जाती है। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं किसी बड़ी दुर्घटना को अंजाम देकर अस्पताल प्रशासन और सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाने की साजिश तो नहीं रची गई। फिलहाल अस्पताल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और जल्द ही दोषी व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मरीजों और उनके परिजनों को आश्वस्त किया गया है कि अस्पताल में उपचार व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू बनी रहेगी। प्राइवेट वार्ड और ऑपरेशन थिएटर में ऑक्सीजन सप्लाई के लिए उपयोग में लाई जाने वाली पाइपें तांबे की बनी हुई हैं। तांबे की इन पाइपों की बाजार में काफी अधिक कीमत होती है। बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रशासन ने इन पाइपों पर सफेद रंग का पेंट किया हुआ था, ताकि कोई चोर इनसे छेड़छाड़ न कर सके। अब आशंका जताई जा रही है कि कहीं इस घटना में अस्पताल के अंदर का कोई व्यक्ति शरारती तत्वों के साथ शामिल तो नहीं।

जानकारी अनुसार शुक्रवार देर शाम तक अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही थी। शनिवार सुबह जब पाइप से ऑक्सीजन निकलने की आवाज सुनाई दी तो तुरंत प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई। आशंका है कि रात के अंधेरे में इस घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि यह पाइप मुख्य रूप से ऑपरेशन थिएटर की ओर जाती है। गनीमत यह रही कि उस समय कोई ऑपरेशन नहीं चल रहा था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। इधर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी जोनल अस्पताल मंडी डॉ. दिनेश ठाकुर का कहना है कि ऑक्सीजन सप्लाई पाइप को नुक्सान पहुंचाया गया है। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैए ताकि आरोपी का जल्द पता लगाया जा सके।