संभल, 17 मार्च । उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के नखासा थाना क्षेत्र के महराना गांव में ग्राम समाज की पशु चरागाह भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पशुओं के चरने के लिए निर्धारित करीब 70 बीघा जमीन कुछ दबंगों ने जबरन कब्जा कर फसल बो दी है। कई लाेगाें ने ताे मकान भी बना लिए है। इस वजह से गांव के पशुपालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और पशुओं के लिए चारे का संकट गहराने लगा है।
इस प्रकरण में शिकायतकर्ता रविराज ने बताया कि कई बार इस मामले की शिकायत की गई, लेकिन अब जाकर प्रशासन हरकत में आया है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिसमें कई लेखपाल और नायब तहसीलदार बबलू कुमार शामिल रहे। टीम ने जमीन की पैमाइश शुरू कर दी है ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और कब्जा हटाने की कार्रवाई की जा सके। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल और आरआरएफ को भी मौके पर तैनात किया है, ताकि किसी प्रकार का विवाद या तनाव न उत्पन्न हो।
नायब तहसीलदार बबलू कुमार ने बताया कि यहां पर कुल नौ गाटे हैं । इनमें से कुछ पर खेती हो रही है और दो पर मकान बना लिए गए हैं। जहां खेती हो रही थी उसको हटाया गया है और बने हुए मकानों को भी नियमानुसार बेदखल किया जाएगा । तहसीलदार कोर्ट संभल से सुनने के बाद इनको भी सुनने का मौका दिया जाएगा उसके बाद बेदखल किया जाएगा।