सड़क हादसे में बिना हेलमेट बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत

Share

औरैया, 25 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अछल्दा-अछियारी मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा योगीराज महाविद्यालय के पास मंगलवार कि अपराह्न लगभग 3:40 बजे हुआ। खराब सड़क के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। उस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से आगे सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। भैसोल गांव निवासी सुधर सिंह(30) पुत्र राम औतार ने मंगलवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया गया है कि हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। इस कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई और हालत लगातार नाजुक बनी रही। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे में घायल दूसरे युवक अर्पित का इलाज कानपुर में अभी जारी है।