सतीश श्रीवास हत्याकांड : 20-20 हजार के तीन इनामी हत्यारोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार

Share

झांसी, 10 मार्च । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के कोतवाली क्षेत्र मऊरानीपुर में पूर्व पार्षद के बेटे सतीश श्रीवास की हत्या के मामले में पुलिस को मंगलवार सुबह तड़के बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने 20-20 हजार के तीन इनामी हत्यारोपितों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

सीओ मऊरानीपुर जितेन्द्र सिंह के अनुसार, 07 मार्च को मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने शाम लगभग पांच बजे सरस्वती शिशु मंदिर के पास सतीश श्रीवास को गोली मार दी थी। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में सतीश की मौत हो गई थी। घटना के बाद तीनों आरोपित फरार हो गए थे। पुलिस ने उन पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

मंगलवार को सुबह तड़के करीब साढ़े चार बजे पुलिस टीम ग्रामोदय ब्रिज के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड के आरोपित मध्य प्रदेश भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की शिनाख्त महफूज पठान, मेहराज पठान और अर्जुन उर्फ छोटू सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक 12 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और हत्या में इस्तेमाल की गई यामहा आरएक्स-100 मोटरसाइकिल बरामद की है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या, पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।