वाराणसी, 12 मार्च(हि. स.)। अंतर्राष्ट्रीय गौ महोत्सव-2026 का आयोजन 14 मार्च से 16 मार्च तक वाराणसी में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कृषि विज्ञान संस्थान के शताब्दी कृषि सभागार में होने जा रहा है। उक्त जानकारी आयोजन सदस्य धनंजय ओझा ने दी है।
धनंजय ओझा ने कहा कि गौ संस्कृति का उत्सव, ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महोत्सव जैसे विषय बिंदु पर महोत्सव में चर्चा होगी। तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन गौ संरक्षण, पंचगव्य अनुसंधान, प्राकृतिक कृषि, ग्रामीण उद्यमिता तथा गौ-आधारित अर्थव्यवस्था के विकास को समर्पित रहने वाला है। इस महोत्सव में देश-विदेश के किसान, गौशाला संचालक, वैज्ञानिक, शोधार्थी, स्टार्टअप उद्यमी, नीति विशेषज्ञ तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्रित होंगे और गौ आधारित सतत विकास, जैविक कृषि, पंचगव्य चिकित्सा तथा ग्रामीण नवाचारों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गौ सेवा गतिविधि, सुरभि शोध संस्थान सहित कई सामाजिक संगठन सहयोग कर रहे हैं।