नागौर, 10 मार्च । जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों बहनें निजी बैंक के फाइनेंस विभाग में कार्यरत थीं और काम के सिलसिले में ग्राहक से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर सुरपालिया-खाबड़ियाना के पास सुबह हुआ। सुरपालिया थानाधिकारी सुमन कुलहरी ने बताया कि मृतक सुमन (25) और निरमा (24) नागौर जिले के बागरासर गांव की रहने वाली थीं और नागौर के एक निजी बैंक में फाइनेंस विभाग में काम करती थीं। सुबह दोनों बहनें स्कूटी से बैंक के एक ग्राहक से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान सुरपालिया-खाबड़ियाना के पास तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों बहनें सड़क पर काफी दूर जा गिरीं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे।
दोनों घायलों को तुरंत डेह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतक युवतियों के भाई नेमाराम ने सुरपालिया थाने में अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सुमन और निरमा चार भाइयों के बीच दो बहनें थीं। एक साथ दोनों बहनों की मौत से बागरासर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।