होली पर जवानों के बीच शीर्ष पुलिस एवं केंद्रीय बल नेतृत्व ने बेस कैंप पहुंचकर बढ़ाया मनोबल

Share

जगदलपुर, 04 मार्च । होली के उपलक्ष्य पर राज्य एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के शीर्ष नेतृत्व ने बस्तर के सुरक्षा कैंप एवं बेस कैंप का दौरा कर वहां तैनात जवानों को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं दीं और उनका मनोबल बढ़ाया। होली के अवसर पर शीर्ष पुलिस एवं केंद्रीय बल नेतृत्व जवानों के बीच की उपस्थिति केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि नेतृत्व और जवानों के बीच अटूट विश्वास एवं एकजुटता का प्रतीक है।

बस्तर रेंज के विभिन्न जिलों के उन सभी छग.पुलिस/सीआरपीएफ/बीएसएफ/आईटीबीपी/एसएसबी/सीएपीएफ जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जो त्योहारों के दौरान भी अपने परिवारों से दूर रहकर क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।यह संदेश देता है कि शीर्ष नेतृत्व हर परिस्थिति में अपने जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। होली के रंगों के बीच यह संकल्प और भी प्रबल हुआ कि राज्य पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों के संयुक्त प्रयासों से बस्तर में स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा तथा वामपंथी उग्रवाद की समस्या का पूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस बल एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों के वरिष्ठ नेतृत्व ने वामपंथी उग्रवाद के विरुद्ध चल रहे अभियान में बस्तर में तैनात पुलिस एवं सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए बस्तर को पूर्णतः वामपंथी उग्रवाद मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया गया।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि बस्तर की धरती पर इस वर्ष मनाई जा रही होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि साहस, समर्पण और अटूट संकल्प का सशक्त प्रतीक है। दुर्गम वन क्षेत्रों में तैनात हमारे वीर जवान अपने परिवारों से दूर रहकर जिस निष्ठा, अनुशासन और अदम्य साहस के साथ वामपंथी उग्रवाद के विरुद्ध अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं, वह पूरे राष्ट्र और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। बस्तर के प्रत्येक बल सदस्य का त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, शांति और विकासशील बस्तर की मजबूत नींव रख रहा है। हमें पूर्ण विश्वास है कि छत्तीसगढ़ सरकार और भारत सरकार की मंशा के अनुरूप राज्य पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों के संयुक्त प्रयासों से बस्तर शीघ्र ही पूर्णतः वामपंथी उग्रवाद मुक्त होकर शांति और प्रगति की नई दिशा में दृढ़तापूर्वक अग्रसर होगा। होली के इस पावन अवसर पर समस्त बल सदस्यों की ओर से क्षेत्र की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं।

इस अवसर पर अरुण देव गौतम पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़ एवं महानिदेशक सीआरपीएफ जीपी. सिंह के दौरे में निम्न वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित रहे – जिसमें त्सेवांग नामग्याल अतिरिक्त महानिदेशक, बीएसएफ, अमित कमार अतिरिक्त महानिदेशक, सीआरपीएफ, विवेकानंद अतिरिक्त महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़, सुंदरराज पी. पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, शालीन महानिरीक्षक, सीआरपीएफ, संजय पंत महानिरीक्षक, बीएसएफ, संजीव रोलबा उप महानिरीक्षक, आईटीबीपी, शलभ सिन्हा पुलिस अधीक्षक, ज़िला बस्तर, निखिल राकेचा पुलिस अधीक्षक, ज़िला कांकेर, जितेंद्र यादव पुलिस अधीक्षक, ज़िला बीजापुर, गाैरव राय पुलिस अधीक्षक, ज़िला दंतेवाड़ा, पंकज चंद्रा, पुलिस अधीक्षक, ज़िला कोंडागांव, किरण चाैहान पुलिस अधीक्षक, ज़िला सुकमा, राॅबिंसन गुडिया पुलिस अधीक्षक, ज़िला नारायणपुर माैजूद थे।