अंबिकापुर : सरगुजा ओलंपिक 2026 का आगाज आज, 2000 से ज्यादा खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, सीएम साय करेंगे शुभारंभ

Share

अंबिकापुर, 21 मार्च । छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में खेलों का महाकुंभ सजने जा रहा है। सरगुजा ओलंपिक 2026 के तीन दिवसीय आयोजन की शुरुआत 21 मार्च से होगी, जिसमें संभागभर से आए हजारों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस आयोजन का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

अंबिकापुर में 21 से 23 मार्च तक आयोजित होने जा रहे सरगुजा ओलंपिक 2026 को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन विष्णुदेव साय पीजी कॉलेज मैदान में करेंगे। संभाग स्तरीय इस आयोजन में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से कुल 2190 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 1044 महिला और 1146 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता को दो आयु वर्ग 17 वर्ष से कम और 17 वर्ष से अधिक में विभाजित किया गया है।

खेलों का आयोजन शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर किया जाएगा, जिनमें पीजी कॉलेज ग्राउंड, हॉकी स्टेडियम, सेंट जेवियर्स स्कूल, गांधी स्टेडियम और मल्टीपरपज हॉल शामिल हैं। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, दौड़, बैडमिंटन और रस्साकसी सहित कुल 12 खेल विधाओं में मुकाबले होंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार सभी खिलाड़ी अंबिकापुर पहुंच चुके हैं और आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजन के बाद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम व्यस्त रहेगा। वे अंबिकापुर में आयोजित राज्य स्तरीय तिलहन किसान मेला 2026 में भी शामिल होंगे। इसके बाद वे कुदरगढ़ धाम के लिए रवाना होंगे, जहां विकास कार्यों की सौगात देने के साथ मां कुदरगढ़ देवी के दर्शन-पूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री यहां करीब 185 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उल्लेखनीय है कि कुदरगढ़ में 23 मार्च से कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का आयोजन प्रस्तावित है, जिसके पहले ही मुख्यमंत्री का दौरा तय हुआ है।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम:

* 12:00 से 1:00 बजे – सरगुजा ओलंपिक 2026, अंबिकापुर

* 1:40 से 2:30 बजे – तिलहन किसान मेला 2026, अंबिकापुर

* 3:10 से 4:10 बजे – कुदरगढ़ महोत्सव 2026, ओड़गी (सूरजपुर)

यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को मंच प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी नई दिशा देने का काम करेगा।