तेज रफ्तार बाइक रेलिंग से टकराई, दो युवकों की मौत

Share

सुपौल, 05 मार्च । जिले के ललितग्राम थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना क्वार्टर चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर हुई, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल काफी तेज गति में थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे रेलिंग से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के चिलौनी उत्तर वार्ड संख्या 8 निवासी सुरेश मरिक (पिता– दर्पी मरिक) और निर्मली निवासी मिथलेश मरिक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर निकले थे।

घटना की सूचना मिलते ही ललितग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया। थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। इस घटना के बाद मृतकों के परिवार में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।