स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा का चांदनी चौक क्षेत्र में औचक निरीक्षण

Share

नई दिल्ली, 17 मार्च । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने मंगलवार को सदर पहाड़गंज जोन के चांदनी चौक क्षेत्र में स्थानीय पार्षद सुमन कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय उपायुक्त कनिका तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शर्मा ने दंगल मैदान पार्किंग एवं पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित क्लब पार्किंग का दौरा किया गया। उन्होंने निरीक्षण में पाया कि इन पार्किंग स्थलों का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के विपरीत ट्रांसपोर्टरों द्वारा अवैध रूप से सामान की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त क्लब पार्किंग क्षेत्र में अवैध झुग्गियों का निर्माण तथा सड़क किनारे अतिक्रमण कर अवैध रूप से शराब की बिक्री भी पाई गई, जिसे गंभीर अनियमितता मानते हुए स्थायी समिति की अध्यक्ष ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने क्षेत्रीय उपायुक्त को निर्देश दिया कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास के सभी अतिक्रमण तत्काल प्रभाव से हटाए जाएं। साथ ही स्थानीय थाना प्रभारी लाहौरी गेट को मौके पर बुलाकर सड़क किनारे अवैध शराब बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आसपास स्थित सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण करते हुए सत्या शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को शौचालयों की नियमित सफाई, रखरखाव और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त (आरपी सेल) को निर्देश दिया कि क्लब पार्किंग एवं दंगल मैदान पार्किंग के टेंडर तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं तथा संबंधित एजेंसियों पर भारी जुर्माना लगाया जाए।

एमसीडी के कुछ पुराने भवन के जर्जर अवस्था में मिलने पर सत्या शर्मा ने निर्देश दिए कि ऐसे भवनों का विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा एमसीडी की भूमि के उपयुक्त उपयोग और राजस्व सृजन की संभावनाओं का भी आकलन किया जाए।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि वह दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों का नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं, ताकि जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। ऐसे निरीक्षणों के माध्यम से समस्याओं की पहचान कर उनके त्वरित समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को बेहतर एवं प्रभावी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

————-