अनूपपुर: संकल्प से समाधान अभियान’ का 99.66% आवेदनों के निराकरण के साथ हुआ समापन

Share

अनूपपुर, 27 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित विशेष अभियान ‘संकल्प से समाधान’ का शुक्रवार को शिविर के माध्यम से समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अर्चना कुमारी ने अभियान की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान अंतर्गत जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 64,358 आवेदनों में से 64,142 (99.66%) का निराकरण किया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई सेवा पोर्टल के साथ-साथ जनसुनवाई में लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आमजन को शासन की योजनाओं से सीधे जोड़ने एवं डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘एमपी ई-सेवा’ पोर्टल एवं मोबाइल एप्लीकेशन के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल एवं सुलभ तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस एप्लीकेशन की विशेषता यह है कि नागरिक अपने समग्र आईडी एवं आधार नंबर के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं में अपनी पात्रता की स्वयं जांच कर सकते हैं। इससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी और घर बैठे ही सटीक जानकारी प्राप्त हो सकेगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नगरीय निकायों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड में तैनात अमला अधिक से अधिक नागरिकों के मोबाइल में यह ऐप डाउनलोड कराना सुनिश्चित करे।

इस पहल का उद्देश्य ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ को सशक्त बनाना है, जिससे नागरिकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। ‘एमपी ई-सेवा’ ऐप के माध्यम से सभी शासकीय सेवाओं का एकीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र हितग्राहियों तक लाभ त्वरित गति से पहुंचेगा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। लाडली लक्ष्मी योजना के तहत पलक राठौर, अनाविका अंसारी, वैष्णवी प्रहार, आयशा मंसूरी एवं पार्थवी को लाभान्वित किया गया। वहीं, पेंशन योजना के अंतर्गत आयुष कुमार वर्मा एवं आशा गुप्ता तथा पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्रियंका सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी के.के. सोनी, डीपीओ विनोद परस्ते, जिला शिक्षा अधिकारी तुलाराम आर्मो, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनूपपुर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जैतहरी,ई-गवर्नेंस मैनेजर विकास सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे।