पुजारियों से मारपीट मामले में मंदिर ट्रस्ट का धरना, लूट का मुकदमा दर्ज करने की मांग

Share

औरैया, 11 मार्च । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर जमौली गांव स्थित बाबा ब्रह्मदेव मंदिर में पूजा करने वाले पुजारियों के साथ हुई मारपीट के मामले में बुधवार को मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

बताया गया कि 4 मार्च की रात मंदिर के पुजारी मोहन दास, हाकिम दास और तुलसी दास मंदिर परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान जमौली निवासी शिवम यादव और एक अज्ञात व्यक्ति तेज रफ्तार चार पहिया वाहन से वहां से गुजरे और एक कुत्ते को कुचल दिया। विरोध करने पर आरोप है कि दोनों ने पुजारियों के साथ मारपीट की और जेब में रखे करीब 3200 रुपये भी छीन लिए।

घटना की सूचना मिलने पर थाना दिबियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए 50 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद आरोपितों का शांति भंग की धारा 151 में चालान कर दिया, लेकिन लूट का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

इसी के विरोध में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, पुजारियों और ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में आज धरना शुरू कर दिया। सूचना पर कंचौसी चौकी प्रभारी प्रवीन कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।

बाद में दिबियापुर थाना प्रभारी रुद्र नारायण त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को आठ दिनों के भीतर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल लूट की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।