कानपुर, 14 मार्च । महिलाएं समाज की प्रगति की आधारशिला हैं। जब महिलाओं को सम्मान और अवसर मिलता है तो समाज तेजी से आगे बढ़ता है। उनके साहस, समर्पण और उपलब्धियों का सम्मान करना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह बातें शनिवार को मुस्कान फाउंडेशन ट्रस्ट की अध्यक्ष पूजा गुप्ता ने कहीं।
मुस्कान फाउंडेशन ट्रस्ट परिवार की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में “यशस्विनी सम्मान 2026” एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त श्रमायुक्त साैम्या पांडेय (आईएएस) तथा कानपुर नगर की मेयर प्रमिला पांडे द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 51 विशिष्ट महिलाओं को “यशस्विनी सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के साहस, समर्पण और उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा समाज में उनके योगदान को प्रोत्साहित करना रहा।
इस मौके पर कल्याणपुर की भाजपा विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। सरकार भी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सम्मानित की गई सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनके कार्य अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत नटराज डांस ग्रुप की डायरेक्टर शीला सिंह और उनकी टीम द्वारा राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने सभी का मन मोह लिया। वहीं अद्रिका गुप्ता ने महिला सशक्तिकरण पर नृत्य प्रस्तुति दी। आकांक्षा सिंह ने ब्रज के लोक गीतों पर भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में फूलों की होली और राधा-कृष्ण के गीतों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम में संस्था के महाप्रबंधक आशीष गुप्ता, संरक्षक गोपाल तुलस्यान, सचिव गीतांजलि यादव, संगठन मंत्री यामिनी बाजपेयी, कोऑर्डिनेटर नीलम सिंह और कोमल गुनानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।