किशनगंज, 18 मार्च । ईद शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में एसडीएम अनिकेत कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राजा तथा सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन उपस्थित रहे। एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि किशनगंज अपनी गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है और यहां सभी पर्व आपसी सौहार्द के साथ मनाए जाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ईद का त्योहार भी इसी परंपरा के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा। प्रशासन की ओर से सभी मस्जिदों एवं ईदगाहों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि अंजुमन इस्लामिया, करबला और कदम रसूल सहित प्रमुख स्थलों पर ईद की नमाज अदा की जाती है। इन स्थानों के साथ-साथ अन्य भीड़भाड़ वाले मस्जिदों एवं ईदगाहों पर सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्णय लिया गया।
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है और लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को अपने सुझाव दिए और आश्वस्त किया कि जिले में हर बार की तरह इस बार भी ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाया जाएगा। इसके साथ ही अलविदा जुम्मा के अवसर पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर भी चर्चा की गई, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।