राम गोपाल वर्मा ने अपनी चर्चित फ्रेंचाइजी ‘सरकार’ की चौथी किस्त को लेकर बड़ा फैसला लिया है। हाल ही में ‘सरकार 4’ बनाने की घोषणा के बाद फैंस में उत्साह था और अमिताभ बच्चन व अभिषेक बच्चन की वापसी को लेकर चर्चाएं तेज थीं, लेकिन अब निर्देशक ने इस योजना को रद्द कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राम गोपाल वर्मा ने कहा कि ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों के बाद गैंगस्टर जॉनर में नई फिल्म चलाना मुश्किल होगा। उन्होंने माना कि उनकी पिछली फिल्में ‘द गॉडफादर’ से प्रेरित थीं और अब उनकी सोच बदल गई है। उन्होंने ‘धुरंधर 2’ की सराहना करते हुए खुद को निर्देशक आदित्य धर का प्रशंसक भी बताया।
राम गोपाल वर्मा ने साफ किया कि वह अब ‘सरकार 4’ नहीं, बल्कि ‘सिंडिकेट’ नाम की नई फिल्म पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए बेहद ईमानदार प्रयास होगा और ‘सत्या’ के बाद उनका सबसे सच्चा काम साबित हो सकता है। निर्देशक के अनुसार, वह अपनी पूरी ऊर्जा इस नई फिल्म में लगाना चाहते हैं, हालांकि इसके परिणाम को लेकर उन्होंने अनिश्चितता भी जताई है।