रायसेन: थ्रेसर मशीन में फंसकर किसान की मौत, खेत में काम के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

Share

रायसेन, 19 मार्च । मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर खेत में काम करते समय एक किसान की थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि किसान की गर्दन धड़ से अलग हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नर्मदा कहार (42) पुत्र छुट्टन कहार निवासी वार्ड क्रमांक 01, बाड़ी के रूप में हुई है। वे गेहूं की कटाई के बाद फसल निकालने के काम में लगे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे का समय था। गेहूं की फसल की कटाई पूरी हो चुकी थी। नर्मदा कहार खुद थ्रेसर मशीन के पास खड़े होकर कटी हुई फसल उसमें डाल रहे थे। आधी से ज्यादा फसल मशीन में डाली जा चुकी थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे थ्रेसर मशीन में फंस गए। मशीन की तेज गति के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में उनके हाथ भी कट गए। शरीर के अलग-अलग हिस्सों में कटे के निशान हैं। मशीन के अंदर खून के छींटे मिले हैं।

हादसे के समय आसपास काम कर रहे किसानों और मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल मशीन बंद कर ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। बाड़ी एसडीओपी नीलम चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।