सैनिकों के सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूर्णिया डिस्ट्रिक्ट साइक्लिंग एसोसिएशन (पीडीएसए) की ओर से आयोजित “शौर्य वंदन साइकिल यात्रा” को एसएसबी के डीआईजी मधुकर अमित एवं आईटीबीपी के कमांडेंट जनार्दन मिश्रा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा पूर्णिया के आर.एन. साह चौक से शुरू होकर अरुणाचल प्रदेश के तवांग तक जाएगी।
इस अवसर पर पीडीएसए के सदस्यों, क्रीड़ा भारती, क्रिकेट अकादमी, श्रीराम जानकी महावीर मंदिर समिति, एसएसबी एवं आईटीबीपी के अधिकारियों और जवानों, पत्रकारों, साइक्लिस्टों के परिजनों तथा शहर के गणमान्य लोगों ने साइकिल यात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया और भारत माता के जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक विदा किया।
पीडीएसए के मीडिया प्रभारी अधिवक्ता पवन कुमार पोद्दार ने बताया कि यह 955 किलोमीटर लंबी सात दिवसीय साहसिक “शौर्य वंदन साइकिल यात्रा” पूर्णिया से प्रारंभ होकर अरुणाचल प्रदेश के तवांग तक पहुंचेगी। तवांग समुद्र तल से लगभग 12,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित एक दुर्गम क्षेत्र है, जहां तक पहुंचकर साइक्लिस्ट देशभक्ति और सैनिकों के सम्मान का संदेश देंगे।
इस साहसिक यात्रा में साइक्लिस्ट राकेश कुमार पवन, विजय शंकर सिंह, राजीव रंजन सिंह उर्फ विक्की, प्रियांशु दत्त झा और सतीश चौबे शामिल हैं। इनके साथ सहयोग के लिए पांच क्रू सदस्य शशांक शेखर सिंह, नागेश्वर दास उर्फ लाफिंग बुद्धा, जय सिंह, राजेंद्र मेहता और मधुकर पांडे भी यात्रा दल में शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान पीडीएसए के सदस्यों और शहरवासियों में काफी उत्साह देखा गया। शौर्य वंदन यात्रा के साइकिलिस्टों का उत्साहवर्धन करने के लिए साइकिल चलाने हेतु नेपाल से कृष्णा जी, संतोष जी और राज जी भी पूर्णिया पहुंचे ।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन सिंह, राज्य उपाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार, मीडिया प्रभारी अधिवक्ता पवन कुमार पोद्दार, तौफीक आलम, संरक्षक एस. के. सरोज, सुनील लोहिया, राजू झा, अमित लोहिया, कृष्णा कुमार, राकेश कुमार, आदित्य कुमार, आदित्य कर्ण, राणा प्रताप सिंह, मुरारी सिंह, संरक्षक नंद किशोर सिंह , सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा एसएसबी के डीआईजी मधुकर अमित, कमांडेंट जनार्दन मिश्रा, राज्य पत्रित अधीनस्थ अधिकारी, जवान तथा आईटीबीपी के अधिकारी और जवान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और उपस्थित लोगों ने साइकिल यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफल यात्रा की कामना की।