छिंदवाड़ा, 05 मार्च । होली पर्व के दौरान मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने के बाद छिंदवाड़ा पुलिस परिवार ने पुलिस लाइन परिसर में हर्षोल्लास के साथ होली मिलन समारोह मनाया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय ने अपने परिवार सहित जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों और पुलिस बल के साथ रंगों के इस पर्व की खुशियां साझा कीं।
उल्लेखनीय है कि होली के दौरान जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल ने पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाई। पुलिस की सक्रियता के चलते जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इसी परंपरा के तहत हर वर्ष की तरह इस बार भी होली के अगले दिन पुलिस परिवार द्वारा सामूहिक होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय ने सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी को गुलाल लगाकर बधाई दी और मुंह मीठा कराते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं।
समारोह में पुलिसकर्मियों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। पारंपरिक होली गीतों की धुन पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी झूमते नजर आए तथा एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां बांटीं। पूरा आयोजन गरिमा, अनुशासन और आपसी सम्मान के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ स्नेहपूर्वक होली खेली।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी सहित सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी और जिले के विभिन्न थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। होली मिलन समारोह के दौरान पुलिस परिवार के बीच आपसी एकजुटता, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला, जिससे पूरा कार्यक्रम यादगार बन गया।