पुलिस कांस्टेबल 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

Share

जयपुर, 11 मार्च । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान (एसीबी) की दौसा चौकी ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए जिला अलवर में तैनात एक पुलिसकर्मी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि पुलिस चौकी गोला का बास, थाना टहला में तैनात कांस्टेबल रामप्रकाश को परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। परिवादी के माता-पिता और छोटे भाई के खिलाफ थाना टहला में दर्ज एक मुकदमे में राजीनामा पत्रावली पर लेने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने उसका सत्यापन कराया। इसके बाद उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में एसीबी दौसा चौकी के उप अधीक्षक रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी कांस्टेबल रामप्रकाश को परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह रिश्वत राशि मुकदमे के अनुसंधान अधिकारी रामनारायण, हेड कांस्टेबल के साथ मिलीभगत कर राजीनामा पत्रावली पर लेने के बदले ली जा रही थी। एसीबी मामले में आगे की जांच कर रही है।