सिरसा, 16 मार्च । पुलिस ने सिरसा शहर में बड़े स्तर पर खेले खा रहे जुआ के अड्डे पर दबिश देकर 29 लोगों को गिरफ्तार कर मौके से छह लाख 29 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। इस संबंध में पुलिस टीम को सूचना मिली कि पीर बस्ती में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सोमवार को बताया कि सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापा मारकर जुआ खेल रहे 29 लोगों को मौके से काबू कर उनके कब्जे से छह लाख 29 हजार रुपए की जुआ राशि बरामद की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
इसके अलावा पुलिस ने सिरसा जिले के गांव बुर्जभंगू के प्राईमरी स्कूल से गैस सिलेंडर व गेहूं चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि कर्मचारी गुरमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात्रि को अज्ञात लोग स्कूल के एक कमरे का ताला तोडक़र गैस सिलेंडर व गेहूं चोरी करके ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों जगदीश व बंप्पा सिंह को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर गैस सिंलेडर व गेहूं बरामद कर कर लिया हैं।