उद्योग मंत्री ने पांवटा साहिब होली मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का किया शुभारंभ

Share

नाहन, 07 मार्च । उद्योग, संसदीय कार्य एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शनिवार सांय पावंटा साहिब में आयोजित प्रसिद्ध होली मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने द्वीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ किया।

उद्योग मंत्री ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पांवटा साहिब प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के महत्वपूर्ण धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थानों में से एक है। उन्होंने कहा कि गुरु की नगरी का यह मेला बड़ा ही ऐतिहासिक है और सभी धर्मों के लोगों की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और हरियाणा के साथ सटे इस क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं में एक अदभुत विविधता और विभिन्न संस्कृतियों का समावेश देखने को मिलता है।

उन्होंने कहा कि मेलों के माध्यम से समाज में समरसता व सौहार्द बढ़ता है, भाईचारे की भावना को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मेलों की महत्ता को बनाकर रखना बड़ी चुनौती है, इसके बावजूद प्रदेश के लोगों ने अपनी प्राचीन परम्पराओं को संजो कर रखा है, जो कि खुशी की बात है।

उन्होंने कहा कि गंभीर वित्तीय परिस्थितियों और केंद्र सरकार की बेरूखी के बावजूद भी प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण को सर्वोच्च अधिमान दे रही है और रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर सृजित करने के लिए कार्यरत है।