बालोद में पिकअप वाहन के पलटने से दो महिलाओं की मौत

Share

रायपुर, 23 मार्च । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के मंगचुआ थाना क्षेत्र में बीती रात अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन के पलटने से उसमें सवार करीब 20 लोगों में से 2 महिलाओं की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर सुनते ही स्थानीय लोग और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

सभी घायलों को लोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आज सोमवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। मंगचुवा थाना प्रभारी प्रदीप कंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पद्देटोला के ग्रामीण पिकअप में सवार होकर खलबत्तर गांव नामकरण संस्कार में गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद लौटते समय भंवरमरा नेताम टोला मोड़ पर ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।ऐसे में पिकअप सड़क किनारे पलट गई, जिससे लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में मान बाई (68वर्ष) और नंदिनी (40 वर्ष ) की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि 12 से अधिक लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए।सभी हताहत ग्राम पडेटोला के निवासी हैं

हादसे की सूचना मिलते ही मंगचुआ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और लोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा जा सकता है।

मंगचुआ थाना प्रभारी प्रदीप कंवर ने बताया कि राहत कार्य तुरंत शुरू किया गया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। शुरुआती जांच में मोड़ पर वाहन की तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।