सूरजपुर, 24 मार्च । विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर आज मंगलवार को जिले में टीबी उन्मूलन को लेकर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें टीबी मुक्त घोषित पंचायतों को सम्मानित करते हुए 100 दिवसीय अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया गया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2024 एवं 2025 में टीबी मुक्त घोषित पंचायतों को उनकी उपलब्धि के आधार पर महात्मा गांधी की कांस्य, रजत एवं स्वर्ण प्रतिमाएं तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग और आमजन के समन्वित प्रयास जरूरी हैं। जागरूकता बढ़ाकर ही इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि अभियान के तहत आगामी 100 दिनों तक घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार एक्स-रे शिविरों के माध्यम से जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले के विभिन्न विकासखंडों की कुल 122 पंचायतों को टीबी मुक्त होने पर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य पंचायतों को भी प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति रही।